Challenge bhopal
मध्यप्रदेश में श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंचे चीते का अब तक रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। ओवान नाम का ये चीता रविवार को झार-बड़ौदा गांव में घुस गया था। ये गांव कूनो नेशनल पार्क से करीब 20 किलोमीटर दूर है।
हालांकि, जंगल की ओर लौट जाने के बाद चीता अब गांव के आसपास नहीं देखा गया है। वन विभाग की टीम चीते के पीछे चल रही है। चीता कूनो के बफर जोन वाले जंगल में हैं। चीता जंगल से वापस गांव की ओर नहीं लौटा है, इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस तो ली है, लेकिन उनमें अब भी दहशत देखी जा रही है। उसने एक गाय का शिकार भी किया था।
वन अमला और चीता मित्र चीते को वापस जंगल की ओर भेजने की कोशिश में जुटे हैं। DFO प्रकाश वर्मा ने कहा- नामीबिया से लाए गए चीतों में 4 चीतों को खुले जंगल में छोड़ा गया था।
जंगल से आधा किलोमीटर गांव की ओर आया चीता ओवान
रविवार को कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकलकर विजयपुर इलाके के झार-बड़ौदा गांव के आसपास दिखा ओवान चीता शाम को जंगल की ओर चला गया था, हालांकि सोमवार को एकबार फिर वो करीब आधा किलोमीटर गांव की ओर लौटा है। अभी वह गांव और खेतों से काफी दूर है, और वन अमला उस पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। इंतजार किया जा रहा है कि यह चीता अपने आप कूनो के रिजर्वेशन में वापस लौट जाए।
स्ट्रेस न हो इसलिए ट्रेंकुलाइज नहीं कर रहा वन अमला
चीते को वापस भेजने के लिए ट्रेंकुलाइज भी किया जा सकता है, लेकिन फिलहाल वन अमला चीते पर निगरानी रखकर उसके वापस लौटने का इंतजार कर रहा है। विजयपुर क्षेत्र के कूनों वन मंडल के एसडीओ अमित राठौर से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि चीता पूरी तरह से सुरक्षित है। वह वन अमले की निगरानी में है, चीते को स्ट्रेस नहीं हो इसलिए इंतजार किया जा रहा है कि वह खुद वापस लौट जाए।
मीट में दवा मिलाकर बेहोश करने का प्रयास
RI बद्रीप्रसाद प्रजापति ने बताया कि मौके पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग के करीब 50 अफसर-कर्मचारी मौजूद हैं। चीता अभी गांव से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर है। उसे बेहोश करने के लिए मांस में दवाई मिलाकर फेंका गया। नामीबिया की डॉक्टर चीते को आबादी क्षेत्र से दूर ले जाने की कोशिश में जुटी है।
सुबह 6 बजे ग्रामीणों ने चीता देखा
ग्रामीणों का कहना है कि चीता रविवार को विजयपुर इलाके के झार-बड़ौदा में दिखा। गांव के ही रहने वाले राकेश ने बताया कि उनके घर के पीछे वाले खेत में प्याज लगी है। सुबह करीब 6 बजे उनकी नजर खेत में गई तो तारों के पास चीता लेटा हुआ था। उन्होंने अपने घर से चीते का वीडियो बनाया। गांव से करीब डेढ़ किमी दूर 10 दिन से चीते का मूवमेंट दिख रहा था।
देर रात किया एक गाय का शिकार
शनिवार-रविवार की रात ओवान चीते ने झार-बड़ौदा गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर खेतों के पास एक गाय का शिकार भी किया। जिसका शव इलाके के ग्रामीणों ने देखा। चीते को खेतों में देखने के बाद इलाके के ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है। लोग खेतों पर जाने से भी डर रहे हैं।






