चैलेंज, विशेष संवाददाता
मध्यप्रदेश सिंधी समाज ने देश की सभी राजनैतिक पार्टियों को पत्र लिखा है कि सिंधी समाज से राजनीति में उनके हक के हिसाब से आने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनावों में प्रतिनिधित्व दिया जाए। इस तरह की मांग पिछले 70 सालों से लगातार की जा रही है। पर देश में सभी पार्टियां सिंधी समाज के ऊपर गंभीरता से विचार नहीं कर पा रही है, जबकि सिंधी समाज सभी राजनैतिक दलों को तन-मन और धन से सेवा करता है तथा देश में आने वाली समस्याओं पर भी दिल खोलकर दान देता है तथा इसके अलावा देशभर में शिक्षा, स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण योगदान देने वाला समाज है पर जिस तरह से इस समाज को राजनैतिक दलों ने एक तरफ लिया है
उससे समाज में कई तरह का रोष है। सिंधी समाज देश के हर विकास कार्यों में सहयोगी रहा है। मध्यप्रदेश सिंधी समाज के अध्यक्ष व अखिल भारत सिंधी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष मनोहर देव व समाज के कई पदाधिकारियों ने राजनैतिक दलों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि जल्द ही सिंधी समाज को अच्छी तरह से राजनीति में प्रतिनिधित्व दिया जाए। जिससे सिंधी समाज देश के राजनैतिक अधिकारों का उपयोग करके देश हित में और बेहतर तरह से कार्य कर सके। सिंधी समाज ने कांग्रेस, भाजपा, जेडीयू, आरजेडी, आप, सपा, बसपा व अन्य सभी दलों से इस बारें में जल्द ही विचार कर निर्णय लेने को कहा है।






