CHALLENGE BHOPAL
चुनाव आयोग आज मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर रहा है. मध्यप्रदेश में जहां बीजेपी सत्ता पर काबिज है, तो वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है. तेलंगाना में केसीआर की पार्टी बीआरएस सत्ता में है. तो वहीं, मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट की सरकार है.
सीईसी राजीव कुमार ने बताया, 17 अक्टूबर से वोटर लिस्ट जारी की जाएगी. 17 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किसी को भी वोटर लिस्ट से संबंधित कोई भी बदलाव कराना है, करा सकता है. ये बीएलओ के जरिए या फिर सीधे वेबसाइट के जरिए करा सकते हैं. इन 5 राज्यों में 1.77 लाख पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे. पोलिंग बूथ 2 किलोमीटर से दूर नहीं होगा.
– 31 अक्टूबर तक पार्टियों को चंदे की जानकारी देनी होगी. तभी इनकम टैक्स में छूट मिलेगी.
– बुजुर्ग लोगों को घर से वोटिंग की सुविधा मिलेगी.
– 5 राज्यों में 940 चेकपोस्ट बनाए जाएंगे. इन्हें राज्य पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां संभालेंगी.
चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने बताया, चुनाव आयोग ने सभी 5 राज्यों का दौरा किया और सभी राज्यों की राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक की. इसके अलावा सरकारी एजेंसियों, राज्य सरकारों के साथ बैठकें कीं. हमने राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से मुलाकात की. उनके सुझाव और फीडबैक लिए.
मिजोरम का कार्यकाल दिसंबर 2023 में खत्म हो रहा है. बाकी राज्यों का कार्यकाल जनवरी 2024 में कार्यकाल खत्म हो रहा है. इन 5 राज्यों में 679 विधानसभा सीटें हैं. इन राज्यों में 16.14 करोड़ से ज्यादा वोटर हैं. इनमें से 8.2 करोड़ मेल और 7.8 करोड़ फीमेल वोटर हैं. इन राज्यों में 60.2 लाख ऐसे वोटर हैं, जो पहली बार वोट करेंगे.
छत्तीसगढ़ की 90 सीटों पर भी इस साल के अंत में ही चुनाव होने हैं. छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी 2024 को खत्म होगा. पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था. इस चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री बने थे.
40 सीटों वाले मिजोरम में भी इस साल के अंत में चुनाव होना है. मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर 2023 को खत्म होने वाला है. राज्य में पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था, जिसमें मिजो नेशनल फ्रंट ने जीत हासिल की थी और राज्य में सरकार बनाई थी. तब जोरमथांगा मुख्यमंत्री बने थे.
तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है. 119 सीटों वाले तेलंगाना में दिसंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे और तेलंगाना राष्ट्र समिति ने राज्य में सरकार बनाई थी. इसका नाम अभ भारत राष्ट्र समिति कर दिया गया. चंद्रशेखर राव दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे.






