Challenge नागपुर

महाराष्ट्र राज्य सिंधी साहित्य अकादमी, मुबई तथा माल्ही कल्चरल अकादमी,मुंबई का संयुक्त उपक्रम
– महाराष्ट्र राज्य सिंधी साहित्य अकादमी, मुबई तथा माल्ही कल्चरल अकादमी,मुंबई के संयुक्त तत्वाधान में प्रसिद्ध साहित्यकार गोबिंद माल्ही की याद में 9 अगस्त 2026 को पिताश्री हाल, जनता हास्पिटल के निकट, जरीपटका नागपुर में संगीत संध्या व कवि सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। माल्ही कल्चरल अकादमी साहित्य एवं संस्कृति के संवर्द्धन हेतु कार्यरत शीर्ष संस्था है।
माल्ही कल्चरल अकादमी की सचिव शोभा चंदनानी माल्ही ने जानकारी दी कि प्रसिद्ध साहित्यकार एवं उपन्यास सम्राट स्व. गोबिंद माल्ही ने खुद ‘माल्ही कल्चरल अकादमी’ की स्थापना की थी। संस्था उनकी दिखाई हुई राह पर भारत भर के विभिन्न शहरों में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करती रहती है। महाराष्ट्र सिंधी साहित्य अकादमी के सौजन्य से स्व. गोबिंद माल्ही की याद में इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन का सौभाग्य पहली बार नागपुर को मिला है।
नागपुर के वरिष्ठ लेखक डाॅ. विनोद आसूदानी ने बताया कि संगीत संध्या में ‘स्वर सिंधू म्यूज़िकल ग्रूप’ भोपाल का सिंधी संगीत का कार्यक्रम रखा गया है जिसके प्रमुख गायक हैं दिलीप लालवानी तथा नारी लच्छवाणी। कवि सम्मेलन में हरी चोइथानी, राजेश आसूदानी ‘रकीब’, नारी लच्छवानी, डाॅ. विनोद आसूदानी, शोभा माल्ही चंदनानी, आवत भागचंदानी तथा दिलीप आसूदानी अपनी कविताओं से श्रोताओं का रसास्वादन करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माल्ही कल्चरल एकेडमी के अध्यक्ष डा.राम जवाहरानी करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष घनश्याम कुकरेजा रहेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन सिंधी भाषा सलाहकार मंडल, केंद्रीय साहित्य अकादमी के सदस्य तथा साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार डाॅ.विनोद असुदानी करेंगे। बांद्रा हिंदू एसोसिएशन के अध्यक्ष, डाॅ. अजीत मन्याल तथा महाराष्ट्र राज्य सिंधी साहित्य अकादमी के पूर्व सदस्य किशोर लालवानी विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे।






